Home » भारत में गोद लेने के मामलों में ऐतिहासिक उछाल, पिछले एक साल में 5000 से ज्यादा बच्चों को मिला नया परिवार
दिल्ली-एनसीआर

भारत में गोद लेने के मामलों में ऐतिहासिक उछाल, पिछले एक साल में 5000 से ज्यादा बच्चों को मिला नया परिवार

नई दिल्ली। भारत में बाल गोद लेने की प्रक्रिया से जुड़ी एक बहुत ही सकारात्मक और राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (सीएआरए) के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच देश में कुल 5022 बच्चों को गोद लिया गया। यह आंकड़ा पिछले एक दशक में सबसे ज्यादा है।

सीएआरए के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 के दौरान देश में कुल 5022 बच्चों को गोद लिया गया, जो कि पिछले वर्ष 2024-25 के 4515 बच्चों के आंकड़े से काफी अधिक है। बता दें कि इन 5022 बच्चों में से 4603 बच्चों को घरेलू स्तर पर यानी देश के भीतर ही नया परिवार मिला, जबकि शेष 419 बच्चों की विदेशी गोद लेने की प्रक्रिया पूरी की गई।

आंकड़ों में लड़कियों की संख्या आगे

इस रिपोर्ट में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि गोद लिए गए बच्चों में 2756 लड़कियां, 2263 लड़के और 3 ‘अन्य’ श्रेणी के बच्चे शामिल हैं। पिछले साल के मुकाबले लड़कियों को गोद लेने में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा विशेष क्षमता वाले बच्चों की बात करें तो पिछले साल ऐसे 392 बच्चों को गोद लिया गया, जो 2024-25 के 313 बच्चे के मुकाबले 25 प्रतिशत ज्यादा है। इतना ही नहीं रिश्तेदारों और सौतेले माता-पिता द्वारा गोद लेने की श्रेणी में भारी उछाल आया है, जो 820 से बढ़कर 1231 यानी 50 प्रतिशत बढ़ गया है।

Search

Archives