दिल्ली। दिल्ली के ओल्ड महावीर नगर में 21 वर्षीय मॉडल मुस्कान की उसके घर में चाकू गोदकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिम ट्रेनर इमरान ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और फिर मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को घर से भागते हुए देखा गया है।
पीड़िता मुस्कान मंगला अस्पताल के पास एक चार मंज़िला इमारत की दूसरी मंज़िल पर अपने माता-पिता और चार भाई-बहनों के साथ रहती थी। मुस्कान वारदात के समय घर में अकेली थी। पड़ोसियों ने चीख सुनकर उसे खून से लथपथ पाया। परिवार ने जिम ट्रेनर इमरान पर हत्या का आरोप लगाया है।
मामले में पुलिस ने बताया आरोपी फरार है, जिम और उसके घर पर छापे मारे गए हैं। पुलिस ने बताया कि बुधवार को वेस्ट दिल्ली के तिलक नगर में एक 21 साल की छात्रा और मॉडल की उसके घर पर कथित तौर पर एक जिम ट्रेनर ने चाकू मारकर हत्या कर दी। परिवार का आरोप है कि आरोपी उसे परेशान कर रहा था।
इमरान ने कई बार चाकू से किया वार
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मुस्कान मंगला अस्पताल के पास एक चार मंजिला इमारत की दूसरी मंज़िल पर अपने माता-पिता और चार भाई-बहनों के साथ रहती थी। पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी बुधवार शाम करीब 5 बजे उसके घर में घुसा। मुस्कान घर पर अकेली थी उसने कथित तौर पर उसे कई बार चाकू मारा और भाग गया।
सीसीटीवी फुटेज देख परिवार ने किया दावा
हत्याकांड को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया, “पड़ोसियों ने उसके चिल्लाने की आवाज़ सुनी और मदद के लिए दौड़े, तो उसे खून से लथपथ पाया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया गया।” उन्होंने आगे कहा, “परिवार ने सीसीटीवी फुटेज देखा और दावा किया कि आरोपी एक जिम ट्रेनर है।”
मुस्कान के दोस्त ने क्या बताया
मुस्कान के दोस्त अमन ने मीडिया को बताया कि कल शाम उसे मुस्कान की बड़ी बहन का फ़ोन आया और उन्होंने उसे तुरंत घर आने को कहा। उसने बताया, “उन्होंने कहा कि मुस्कान को चाकू मार दिया गया है।”
अमन ने दावा किया कि परिवार ने उसे बताया कि आरोपी मुस्कान को परेशान कर रहा था। उसने बताया कि मुस्कान ने अपनी ग्रेजुएशन पूरी कर ली थी और वह पार्ट-टाइम मॉडल के तौर पर काम कर रही थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी जारी है।







