Home » गुडबॉय गुलाबी नोटः 2000 के नोट जमा करने का आज आखिरी दिन, चूके तो नहीं मिलेगा मौका !
दिल्ली-एनसीआर

गुडबॉय गुलाबी नोटः 2000 के नोट जमा करने का आज आखिरी दिन, चूके तो नहीं मिलेगा मौका !

नईदिल्ली। अक्टूबर का महीना कई जरूरी कामों को निपटाने के लिए अहम है और इसमें सबसे ज्यादा जरूरी फिलहाल 2,000 रुपये के नोट हैं। अगर आपके पास भी ये नोट अभी मौजूद हैं तो फिर इन्हें बैंक में जमा कराने के लिए अभी भी मौका है। आज अगर आप इन्हें जमा करने या बदलवाने में नाकाम रहते हैं, तो फिर आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक ने बीते 19 मई को इन गुलाबी नोटों को सर्कुलेशन से बाहर करने का ऐलान किया था और इनकी वापसी के लिए 30 सितंबर 2023 तक सुविधा दी थी। हालांकि, डेडलाइन खत्म होते-होते इस लास्ट को बढ़ा दिया गया था, जो आज आखिरी है।

आरबीआई ने 7 दिन बढ़ाई थी डेडलाइन

चलन से बाहर किए गए 2,000 रुपये के नोटों की डेडलाइन को सात दिन के लिए बढ़ाते हुए इसे 7 अक्टूबर 2023 कर दिया गया था और आज यह आखिरी है। आरबीआई द्वारा डेडलाइन को बढ़ाने का ऐलान करते समय नोटों की वापसी का डाटा भी पेश किया गया था. आरबीआई के मुताबिक, 29 सितंबर 2023 तक सर्कुलेशन में मौजूद 96 फीसदी 2,000 रुपये के नोट वापस आ चुके हैं। देश में 31 मार्च तक 3.56 लाख करोड़ रुपये मूल्य के ये बड़े नोट मौजूद थे, जिनमें से 3.43 लाख करोड़ रुपये मूल्य के नोटों की वापसी हो चुकी थी, जबकि 0.14 लाख करोड़ रुपये मार्केट में मौजूद थे।

डेडलाइन खत्म होने के बाद क्या विकल्प?

गौरतलब है कि केंद्रीय बैंक ने जब 2,000 रुपये के नोट को सर्कुलेशन से बाहर किया था, उसके बाद इनकी वापसी की व्यवस्था भी कर दी थी। लोगों को उनके पास मौजूद इन गुलाबी नोटों को बैंकों और 19 क्षेत्रीय कार्यालयों में बदलने की सुविधा मुहैया कराई थी। अब जबकि इस जरूरी काम की डेडलाइन खत्म हो रही है, तो यहां ये जानना भी जरूरी है कि 7 अक्टूबर के बाद अगर किसी के पास ये नोट रह जाते हैं, तो फिर इनका क्या होगा?
आरबीआई की ओर से कहा गया है कि इस स्थिति में आप बैंक में जाकर इन नोटों को जमा नहीं करा पाएंगे, लेकिन 7 अक्टूबर के बाद भी 2,000 रुपये के नोटों को आरबीआई के 19 क्षेत्रीय कार्यालय से बदला जा सकेगा। यहां ध्यान रहे एक बार में 20,000 से ज्यादा के नोट नहीं बदले जा सकते हैं।

नोटबंदी के बाद अस्तित्व में आए थे ये नोट

2,000 रुपये के नोट को नवंबर 2016 में मार्केट में उतारा गया था। ये तब मार्केट में आया था जब सरकार ने चलन में मौजूद सबसे बड़े करेंसी नोट यानी 500 और 1000 को सर्कुलेशन से बाहर करने का ऐलान किया था। नोटबंदी के बाद रिजर्व बैंक ने बंद किए गए 500 रुपये के नोट की जगह पर नया नोट और इसके साथ ही 1,000 रुपये के नोट की जगह 2,000 रुपये का नोट जारी किया था। हालांकि, जब सर्कुलेशन में अन्य मूल्य वर्ग के नोट पर्याप्त मात्रा में आ गए तब आरबीआई ने साल 2018-19 से 2000 के नोटों की छपाई बंद कर दी। इसके बाद बीते 19 मई 2023 को इस बड़े नोट को क्लीन नोट पॉलिसी के तहत चलन से बाहर करने का ऐलान कर दिया गया।

Search

Archives