Home » दक्षिण दिल्ली के साकेत में इमारत गिरने के हादसे में अब तक चार लोगों की मौत, 10 घायल
दिल्ली-एनसीआर

दक्षिण दिल्ली के साकेत में इमारत गिरने के हादसे में अब तक चार लोगों की मौत, 10 घायल

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के साकेत में शनिवार देर शाम इमारत गिरने के हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, वहीं 10 घायल हो गए हैं। घायलों में तीन महिला और सात पुरुष हैं। वहीं पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मालिक को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है। हादसा उस वक्त हुआ जब सातवीं मंजिल की छत ढालने की तैयारी हो रही थी। वेस्टर्न मार्ग स्थित गली नंबर-5 में हुई। हादसे का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें इमारत भरभराकर गिरती नजर आ रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इमारत एक कमर्शियल प्रॉपर्टी थी, जिसकी पहली और दूसरी मंजिल पर कई निजी कार्यालय थे। घटना के समय पास के एक प्लॉट पर बनी रसोई में कुछ मेडिकल छात्र मौजूद थे। जब इमारत का मलबा उस पर गिरा, जिससे रसोई भी ढह गई।

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह तक दमकल विभाग, एनडीआरएफ, डीडीएमए और स्थानीय पुलिस की मदद से मलबे से 14 लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में से एक की पहचान 26 वर्षीय रवि के रूप में हुई है।

घायलों में आठ लोगों की पहचान गुरुग्राम के 26 साल के तरुण कुमार, बिहार की 27 साल की साइका खान, सैदुल्लाजाब की 25 साल की नीलम यादव, सैदुल्लाजाब के 24 साल के आदित्य शर्मा, नोएडा के 25 साल के क्षितिज प्रताप, साकेत के 25 साल के अनुज दीक्षित, सैदुल्लाजाब की 25 साल की आस्था और साकेत के 24 साल के विशाल के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि घायलों में ज्यादातर छात्र थे, जो पास में रहने वाले मेडिकल छात्रों के लिए बनी रसोई में खाना खा रहे थे। जब इमारत गिरी, तो कुछ लोग उसके अंदर भी मौजूद थे। अधिकारी ने बताया कि बचाव और तलाशी अभियान अभी भी जारी है, क्योंकि मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। स्थानीय पुलिस अन्य बचाव टीमों के साथ मिलकर अभी भी काम में जुटी हुई है।

सैदुल्लाजाब समेत चार गांवों की कमेटी के प्रधान रविंद्र सिंह ने बताया कि इमारत में विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। यहां कॉफी हाउस, कैफे, कोचिंग सेंटर, पीजी और कैंटीन चल रही थीं। उन्होंने बताया कि हादसे के समय कैंटीन में छात्र भोजन कर रहे थे, जिससे अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका बनी हुई है।

Search