Home » सेना की नौकरी छोड़ ठगी करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, बहुत जल्द करोड़पति बनने का था सपना
दिल्ली-एनसीआर

सेना की नौकरी छोड़ ठगी करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, बहुत जल्द करोड़पति बनने का था सपना

ग्रेटर नोएडा। सेना की नौकरी छोड़ बहुत कम समय में करोड़पति बनने का सपना देखने वाले आठ फ्रॉड को  नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके सपनों पर उस समय पानी फिर गया, जब ग्रेटर नोएडा की थाना ईकोटेक वन पुलिस ने छापा मारा। आरोपी एक सोसाइटी के अंदर फ्लैट लेकर गोरखधंधे को अंजाम दे रहे थे।  आरोपी सोना, चांदी, हीरे की ज्वैलरी और मंहगी घड़ियों में निवेश का झांसा देकर ठगी कर रहे थे।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ईकोटेक वन पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि विधान डागर, सतीश शाव , कल्पेश राजू भाई , गुरविन्दर सिह , गुरदीप सिह, कौशिक डागर , गणेश बेरा, तापस धारा ने आर्मी से नौकरी छोड़कर इस कंपनी को बनाया था। आरोपियों ने उनके साथ काम करने वाले लोगों को भी लालच दिया था। उन्हें अपने झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाया। इसके अलावा वीवो कंपनी में कार्यरत एक इंजीनियर के साथ भी आरोपी ने ठगी की है। ईकोटेक वन थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ऐक्शन में आई और जालसाजी करने वाले सभी आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

करोड़ों की ठगी- ग्रेटर नोएडा वेस्ट जोन के एडीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अपेक्स सोसाइटी में फ्लैट लेकर क्यूनेट और विहान नाम से कंपनी चला रहे थे। यह लोग एक सुनियोजित तरीके से आॅनलाइन गुगल मीट कर लोगों को जल्दी अमीर बनने का सपना दिखाते थे, ऐसे में लोगों को झांसे में लेकर आरोपी सोना, हीरे, घड़ियों के नाम से निवेश कराते थे। झांसा दिया जाता था कि कंपनी से खरीदे गए समान को खरीदकर व बेचकर करोड़पति बन सकते हैं। अभी तक की जांच पड़ताल में पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने करीब 150 लोगों को कंपनी ज्वाइन कराई और उनसे कम से कम 60 हजार से डेढ़ लाख रुपए तक जमा कराते थे। ऐसे लोगों को असली की जगह नकली सामान मिलता था, जिसके बाद आरोपी उनसे संपर्क तोड़ देते थे। अभी तक आरोपी करोड़ों की ठगी को अंजाम दे चुके हैं।

हांगकांग की कंपनी बताकर फंसाते थे जाल में- नोएडा पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी गुगल मीट के जरिए जब लोगों से संपर्क करते थे, तो वह क्यूनेट कंपनी से जुड़े होने की बात कहते थे, साथ ही हांगकांग की कंपनी बताते थे। वह लोग इस कंपनी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने इस कंपनी से जुड़कर करोड़ों रुपए कमाए हैं। वह भी अगर इस कंपनी से जुड़ते हैं, तो जल्द ही करोड़ पति बन सकते हैं। जब लोग क्यूनेट कंपनी को सर्च करते हैं, तो इसी नाम से एक कंपनी हांगकांग की है, जो इसी प्रकार का बिजनेस करती है। ऐसे में विदेशी कंपनी देखकर लोग आसानी से जालसाजों के झांसे में आ जाते थे। आरोपी लोगों को झांसे में लेकर अधिकतर पैमेन्ट डॉलर व बिटकॉइन में लेते थे।

आरोपियों के खिलाफ कई राज्यों में दर्ज हैं एफआईआर- नोएडा पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब डेढ़ साल से यह कंपनी चला रहे हैं। इस कंपनी ने जयपुर, बनारस, ग्वालियर और उड़ीसा समेत करीब एक दर्जन राज्यों में अपना नेटवर्क बना रखा है। यहां पर भी लोगों के साथ ठगी की गई है। ऐसे में ठगी के शिकार हुए पीड़ितों ने संबंधित राज्यों के थानों में एफआईआर दर्ज कराई है। इस संबंध में नोएडा पुलिस को भी पता चला है। वहां की पुलिस इन सभी जालसाजों की जांच कर रही है। नोएडा पुलिस को यह भी पता चला है कि इस कंपनी की जांच ईओडब्ल्यू भी कर रही है। कंपनी ने बड़े स्तर पर घोटाला किया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।

Search

Archives