फरीदाबाद। फतेहपुर बिल्लोच से पैदल चलकर दिल्ली कालका मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर तेज रफ्तार ट्रक चढ़ गया। घटना में दो लोगों की मौत हो गई वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से आक्रोशित लोगों ने घटना स्थल पर जाम लगा दिया। सेक्टर 31 थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फतेहपुर बिल्लोच निवासी शिवचरण ने थाने में शिकायत दी है। राम अवतार, बलजीत, प्रेमराज, हंसराज, हरिचन्द, किरन, राखी, शिक्षा, भावना और बच्ची कोमल कालका दिल्ली मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। सेक्टर 31 बाईपास रोड पर पहुंचे थे। थकान मिटाने सभी रोड के किनारे बैठ गए।
देर रात करीब सवा ग्यारह बजे एक ट्रक चालक खेडी पुल रोड से लापरवाही से चलाता हुआ आया और सड़क पर बैठे राम अवतार, बलजीत, प्रेमराज और बच्ची कोमल को टक्कर मार दी। बलजीत और राम अवतार की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। बृहस्पतिवार सुबह करीब ग्यारह बजे लोगों ने घटना स्थल पर जाम लगा दिया। पुलिस मामाले की जांच कर रही है।







