नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) पहली बार शहर में हॉट एयर बैलून सेवाएं शुरू करने जा रहा है। डीडीए ने यह रोमांचक पहल इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने, लोगों को नया मनोरंजन विकल्प देने और दिल्ली के हरित क्षेत्रों को नई पहचान दिलाने के लिए की है।
DDA के मुताबिक यह परियोजना उपराज्यपाल वीके सक्सेना की पहल पर तैयार की गई है। बैलून उड़ान की सेवाएं यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कॉमनवेल्थ गेम्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और यमुना नदी के किनारे स्थित असिता और बांसेरा पार्क में शुरू की जाएगी। डीडीए ने इस परियोजना के लिए एक निजी एजेंसी का चयन कर लिया है, जिसे प्रारंभिक तौर पर तीन वर्षों के लिए कार्य सौंपा गया है। भविष्य में इस अवधि को अधिकतम नौ वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है। चयनित एजेंसी को प्रत्येक स्थल पर 3600 वर्गमीटर (60×60 मीटर) स्थान संचालन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।







