ऑपरेशन सिंदूर पर भाजपा पूरे देश में चर्चा कराएगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इन कार्यक्रमों की कमान संभालेंगे। उनके नेतृत्व में पार्टी के सभी मंत्री, सांसद, राज्यों के अध्यक्ष और राज्यों में भाजपा के मुख्यमंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों में इस पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ 9-10 जून को यह कार्यक्रम पूरे देश में किया जाएगा। इस दौरान केंद्र सरकार के कार्यों की चर्चा भी की जाएगी।
वर्तमान सरकार के 11 साल के कामकाज की जानकारी जनता को देने के साथ-साथ इसमें ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तार से बात रखी जाएगी। पार्टी का मानना है कि इससे राष्ट्रीय स्तर पर लोगों के बीच गौरव की भावना मजबूत हुई है। विशेषकर युवाओं के बीच ऑपरेशन सिंदूर पर बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसे देखते हुए युवाओं को इस ऑपरेशन के बारे में और अच्छी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम मामले पर विपक्ष संसद सत्र बुलाकर विशेष चर्चा कराने की मांग कर रहा था, लेकिन सरकार ने विपक्ष की मांग न मानते हुए सामान्य तरीके से मानसून सत्र 21 जुलाई से 12 अगस्त तक के लिए बुलाया है। विपक्ष यह संदेश देने की कोशिश कर रहा है कि सरकार इस मामले पर विस्तृत चर्चा से भागने की कोशिश कर रही है। लेकिन भाजपा नेता इन कार्यक्रमों के बीच लोगों तक यह संदेश देने की कोशिश करेंगे कि ऑपरेशन सिंदूर पर सेनाओं के प्रवक्ताओं, डीजीएमओ और विदेश मंत्रालय के द्वारा पर्याप्त जानकारी दी जा चुकी है और विपक्ष की यह मांग अव्यावहारिक है।







