Home » दिल्ली डबल मर्डर केस में बड़ा खुलासा, सवा दो घंटे तक बुजुर्ग के फ्लैट में रहा आरोपी
दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली डबल मर्डर केस में बड़ा खुलासा, सवा दो घंटे तक बुजुर्ग के फ्लैट में रहा आरोपी

सीसीटीवी से सुलझेगी गुत्थी

पूर्वी दिल्ली। राजधानी में घर के अंदर भी बुजुर्ग सुरक्षित नहीं हैं। रामनगर में बुजुर्ग दंपती की हत्या इस बात का जीता जागता सुबूत है। सेवानिवृत्त शिक्षक वीरेंद्र बंसल के घर के पास का पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इससे पता चलता है कि दंपती की हत्या करने वाला उनके फ्लैट में सवा दो घंटे तक था। देर शाम साढ़े सात बजे सेवानिवृत्त शिक्षक ने अपने मोबाइल से एक रिश्तेदार से बात भी की थी। इसके बाद उनकी हत्या हुई है। पुलिस को आशंका है कि वारदात को किसी करीबी ने अंजाम दिया है। वह उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जो मास्क लगाकर बुजुर्ग के फ्लैट में गया था।

चेहरे पर मास्क लगाए फ्लैट में घुसता दिखा संदिग्ध

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को एक फुटेज मिला है। इस फुटेज में नजर आ रहा है कि मास्क लगाए एक व्यक्ति शनिवार शाम छह बजे बुजुर्ग के फ्लैट में जा रहा है। रात सवा आठ बजे जब वह फ्लैट से बाहर निकलता है तो हाथ में नीले रंग के दस्ताने भी पहने होता है।

साढ़े सात बजे रिश्तेदार से की थी बात

पुलिस ने बुजुर्ग का मोबाइल चेक किया तो साढ़े सात बजे उन्होंने अपने एक करीबी रिश्तेदार को फोन किया था। कुछ ही मिनट फोन पर बात हुई थी। पुलिस ने उस रिश्तेदार से बात की तो उसने कहा कि बुजुर्ग ने फोन करके उनका हालचाल पूछा था।

Search

Archives