Delhi Election Results 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की करारी हार के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने रविवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया।
बता दें दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव का रिजल्ट कल यानी शनिवार 8 फरवरी को घोषित कर दिया गया। 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की वापसी हुई है और पार्टी ने 70 में से 48 सीटें हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की है। सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है।
‘आप’ की हार के बाद मुख्यमंत्री आतिशी ने आज सुबह 11 बजे अपना इस्तीफा दिल्ली के राज्यपाल को सौंप दिया है। आम आदमी पार्टी के सभी दिग्गज नेता चुनाव हार गए हैं और आतिशी ने कालकाजी सीट से जीत दर्ज की है। दिल्ली की सीएम आतिशी अपने आवास से निकलीं और फिर राजनिवास जाकर उन्होंने अपना इस्तीफा एलजी को सौंप दिया।
कौन होगा दिल्ली का सीएम- दिल्ली विधान सभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद, बीजेपी का आलाकमान मुख्यमंत्री के चेहरे पर विचार कर रहा है। इसके लिए जल्द ही विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। लेकिन जो नाम सीएम पद के लिए रेस में आगे चल रहे हैं उनमें पहला नाम प्रवेश वर्मा का है, क्योंकि उन्होंने ही नई दिल्ली की सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया है, इसके साथ ही इस रेस में मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम सामने आ रहा है। वहीं वीरेन्द्र सचदेवा का नाम भी मुख्यमंत्री के रेस में है।







