Home » पश्चिम एशिया में तनाव के बीच मस्कट से लौटे भारतीय, यात्रियों ने सुनाई अपनी आपबीती
दिल्ली-एनसीआर

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच मस्कट से लौटे भारतीय, यात्रियों ने सुनाई अपनी आपबीती

नई दिल्ली।  पश्चिम एशिया में इस्राइल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के कारण हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इस तनावपूर्ण माहौल के बीच ओमान के मस्कट में फंसे भारतीय नागरिक अपने देश लौट आए हैं। मंगलवार को भारत की धरती पर कदम रखते ही इन लोगों ने राहत की सांस ली। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में अधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना भी की।

क्यों बने ऐसे हालात? :  खबरों के अनुसार, इस्राइल-अमेरिका के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। ईरान ने उन देशों पर मिसाइल हमले किए जहां अमेरिका के सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। ईरान ने दुबई, बहरीन और कुवैत समेत कई देशों को निशाना बनाया, जिसके बाद वहां आम लोगों की जान मुश्किल में पड़ गई।

यात्रियों ने सुनाई अपनी आपबीती :  मस्कट से दिल्ली पहुंची एक यात्री अनीशा अग्रवाल ने बताया कि मिसाइलों को हवा में ही रोका जा रहा था, जिससे हम डर गए और हमने वापस लौटने का फैसला किया। सरकार ने स्थिति को बहुत अच्छे से संभाला। हमारे साथ बच्चे थे, इसलिए हम बहुत चिंतित थे। मिसाइलों की आवाज से बच्चे सहम गए थे। वहां के हालात देखकर हम घबरा गए थे। मिसाइलों को रोकने से होने वाली तेज आवाजों से बच्चे परेशान हो रहे थे।

मस्कट से लौटे एक अन्य यात्री ने कहा कि हम वहां खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे थे, इसलिए वापस आ गए। मिसाइल रोकने वाली प्रणाली बहुत अच्छे से काम कर रही थी। मुझे डर नहीं था, लेकिन बच्चों के कारण हमने भारत लौटना ही बेहतर समझा। अब यहां आकर सब ठीक लग रहा है।

उड़ानें फिर से हुईं शुरू :  ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण कुछ दिनों के लिए हवाई अड्डों का संचालन बंद कर दिया गया था। इस वजह से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हजारों भारतीय फंस गए थे और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब दुबई और अबू धाबी से कई उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो गया है। उड़ानें शुरू होने से फंसे हुए यात्रियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिली है।

Search

Archives