सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के पोड़ीखुर्द डेम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्ष कश्यप के रूप में हुई है। वह अपने तीन दोस्तों के साथ डेम में नहाने पहुंचा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक का शव बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर निवासी चार दोस्त दो बाइक से ग्राम पंचायत पोड़ीखुर्द स्थित डेम पहुंचे थे। नहाने के दौरान हर्ष कश्यप गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे संकट में देखकर उसके तीनों दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे उसे बाहर निकालने में सफल नहीं हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। डेम में पानी की गहराई अधिक होने के कारण शुरुआती प्रयासों में शव नहीं मिल पाया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद हर्ष कश्यप का शव पानी से बाहर निकाला। युवक की मौत की खबर से परिजनों में शोक छा गया है। फिलहाल दरिमा पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।







