सीसीटीवी में कैद हुआ दिल दहलने वाला मंजर
मुंगेली। जिले के ग्राम पंडरभट्ठा में रविवार दोपहर लगभग 12 बजे के आसपास खेत से घर लौट रही एक महिला पर अचानक आकाशीय बिजली कहर बनकर टूट पड़ी। बिजली गिरने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का खौफनाक मंजर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसे देखकर लोग सहम गए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
महिला खेत से वापस घर लौट रही थी। सिर पर स्टील या सिल्वर का बर्तन रखी थी। महिला खेत से सड़क पर पहुंचती है फिर टर्न लेकर सड़क पर धीरे-‘धीरे चलने लगती है। उसे इस बात का जरा सा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही क्षण में उस पर आसमान से आफत टूट पड़ेगी। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है, पहले एक सफेद रंग की कार गुजरती है, बस कुछ ही सेकंड बाद उसके सिर पर रखे बर्तन पर तेज आवाज के साथ बिजली गिरती है और महिला सड़क पर गिर जाती है। यह नजारा देख आसपास के लोग इधर उधर भागने लगे। महिला की पहचान 46 वर्षीय गीता बाई के रूप में हुई है।







