Home » रक्षाबंधन के बाद ट्रेन से लौट रही महिला को आई झपकी, शातिर ने उड़ाया जेवरों से भरा पर्स
छत्तीसगढ़

रक्षाबंधन के बाद ट्रेन से लौट रही महिला को आई झपकी, शातिर ने उड़ाया जेवरों से भरा पर्स

बिलासपुर रेलवे स्टेशन में पुलिस ने दबोचा

बिलासपुर। ट्रेन में सफर के दौरान महिला यात्री के सोते ही उसके पर्स पर हाथ साफ करने वाले आरोपी को जीआरपी बिलासपुर और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से सोने चांदी के जेवरात, मोबाइल, नकदी समेत करीब 90 हजार की चोरी का सामान बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली क्षेत्र के दयालबंद निवासी अंजना विश्वकर्मा अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन के लिए कटनी गई थी। 31 अगस्त को वह अपने बेटे और भाई के साथ भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस से लौट रही थी। बेलगहना पहुंचने से पहले महिला को नींद आ गई। कुछ देर बाद जब नींद खुली तो पर्स गायब था। पर्स में सोने का मंगलसूत्र, चांदी का कड़ा, चांदी की अंगूठी, चांदी का सिक्का, एटीएम कार्ड व 2200 रूपए नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और रियलमी कंपनी का मोबाईल था। शिकायत के बाद जीआरपी ने जांच शुरू की। तलाशी के दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के हावड़ा छोर पर पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई पड़ा। पुलिस को देखकर वह छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह के आधार पर घेराबंदी कर पूछताछ की गई तो उसने ट्रेन से पर्स चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की पहचान शिवा नामदेव उर्फ अनु उर्फ अनुराग 24 वर्ष निवासी झिरिया मोहल्ला, पुराना बस स्टैंड के पास उमरिया, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर दिव्यांग पटेल के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक रेल बिलासपुर तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

Search