Home » पत्नी से झगड़ा हुआ तो किसान ने घर में लगा दी आग, बगल के चार मकान और जले, एक मवेशी की भी मौत, पति-पत्नी हुए फरार
छत्तीसगढ़

पत्नी से झगड़ा हुआ तो किसान ने घर में लगा दी आग, बगल के चार मकान और जले, एक मवेशी की भी मौत, पति-पत्नी हुए फरार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पति-पत्नी में हुए विवाद के चलते शनिवार को पांच किसानों के घर जलकर खाक हो गए। वहीं एक मवेशी की भी मौत हो गई। झगड़े के बाद किसान ने अपने ही घर में आग लगा दी। इसकी चपेट में आसपास के मकान भी आ गए। हादसे की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे के बाद पति-पत्नी दोनों भाग निकले हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मामला पाटन थाना क्षेत्र का है।मिली जानकारी के अनुसार दैमार गांव निवासी जगन्नाथ ठाकुर खेती किसानी करता है। उसका शनिवार दोपहर किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ी कि गुस्से में जगन्नाथ ने अपने ही घर में आग लगा दी। इसके चलते घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर उसकी चपेट में आ गया। आग बढ़ते देख पति-पत्नी दोनों वहां से भाग निकले। तभी जोर का सिलेंडर ब्लास्ट हुआ और आग ने आसपास बने किसानों के कच्चे मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि जब तक दमकलकर्मी पहुंचे, तब तक आसपास के चार मकान भी चपेट में आ चुके थे। आग लगने से मकानों में रखा सामान, धान सब जलकर खाक हो गया। आग की चपेट में आकर एक पालतू मवेशी की भी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजकुमार लहरे ने बताया कि घटना के बाद से पति-पत्नी भाग निकले हैं। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि नुकसान कितना हुआ है।

Search

Archives