Home » पति से हुआ विवाद तो पिता को कर दिया कॉल, ससुर ने दामाद के गले में किया ब्लेड से हमला
छत्तीसगढ़

पति से हुआ विवाद तो पिता को कर दिया कॉल, ससुर ने दामाद के गले में किया ब्लेड से हमला

बिलासपुर। सकरी थाना के बटालियन रोड में घरेलू विवाद के दौरान ससुर ने अपने दामाद पर ही ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में दामाद शैलेंद्र नवरंग के गले में गंभीर चोट आई है। घायल को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में दोनों पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार बटालियन रोड निवासी शैलेंद्र नवरंग रोजी मजदूरी का काम करता है। रविवार को उसकी पत्नी अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ विवाद कर रही थी और उसे गालियां दे रही थी। बेटा भी अपनी मां को जवाब दे रहा था। घर पहुंचने पर शैलेंद्र ने पत्नी और बेटे को समझाइश देकर शांत कराया। सोमवार सुबह एक बार फिर मां और बेटे के बीच विवाद होने लगा। शैलेंद्र ने दोनों को समझाने का प्रयास किया। इसी बात से नाराज होकर उसकी पत्नी ने मोबाईल से कॉल कर अपने पिता रामलोचन बंजारे को बुला लिया।

आरोप है कि रामलोचन ने घर पहुंचते ही दामाद शैलेंद्र को गालियां दी। शैलेंद्र ने इसका विरोध किया तो रामलोचन ने ब्लेड से उसके गले पर हमला कर दिया। हमले में शैलेंद्र लहूलुहान हो गया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर उसे बचाया और उपचार के लिए सिम्स पहुंचाया। इधर महिला ने भी अपने पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत पुलिस से की है। दोनों पक्षों की शिकायत पर सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।

Search

Archives