Home » बेजुबान ने क्या बिगाड़ा …रेस ड्राइविंग का दर्दनाक नजारा, मवेशी की मौत, जिम्मेदार कौन… ?
छत्तीसगढ़

बेजुबान ने क्या बिगाड़ा …रेस ड्राइविंग का दर्दनाक नजारा, मवेशी की मौत, जिम्मेदार कौन… ?

बिलासपुर। बुधवार की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच सीएमडी चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ओडी 17 जे 9635 ने डिवाइडर के किनारे खड़े एक मवेशी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मवेशी कार के नीचे फंस गया और कई मीटर तक घिसटता चला गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मौके पर मौजूद राहगीर विकास पासी, निवासी पुराना हाईकोर्ट के पीछे, ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। उनकी शिकायत पर तारबाहर थाने की पुलिस ने कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। यह हादसा एक बार फिर शहर की सड़कों पर दो बड़ी समस्याओं को उजागर करता है। पहला शहर के भीतर खुले में मवेशियों के विचरण, दूसरा रेस ड्राईविंग की बढ़ती प्रवृत्ति। प्रशासन जहां सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर लगातार जागरूकता की बातें करता है। वहीं जमीनी स्तर पर इसके उलट नजर आ रहा है। मवेशियों के खुले में विचरण से न सिर्फ यातायात बाधित होता है, बल्कि आए दिन दुर्घटनाएं भी होती हैं। वहीं वाहन चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार ड्राइविंग इस खतरे को और बढ़ा देती है।

शहर की सड़कों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। नगर निगम की, जो मवेशियों को सड़क से हटाने में विफल है या फिर उन वाहन चालकों की जो यातायात नियमों को ताक में रखकर वाहन रफ्तार से दौड़ाते हैं? यह हादसा बताता है कि यदि समय रहते इस दिशा में सख्त कदम नहीं उठाए गए तो सड़कें इंसानों और जानवरों के लिए असुरक्षित बनी रहेंगी।

Search

Archives