कोटा। क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान परसराम पोर्ते 50 वर्ष पिता झूनूराम निवासी दर्रीकापा के रूप में हुई है। वहीं घायल भरत सिंह ध्रुव 45 वर्ष पिता शिव सिंह का अस्पताल में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों ग्रामीण प्लेटिना बाइक सीजी बीई 7701 में सवार होकर ग्राम चोरभट्ठी से शादी का कार्ड लेकर अपने गांव दर्रीकापा लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे जब वे ग्राम नेवरा के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के पीछे बैठे परसराम पोर्ते सड़क पर गिर पड़े और वाहन के पहिए की चपेट में आ गए।
गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे भरत सिंह ध्रुव हादसे में घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौक पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि घायल भरत सिंह ध्रुव की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।







