ग्रामीणों ने भी की मदद
बिलासपुर। नगर पंचायत मल्हार क्षेत्र में गुरूवार की सुबह उस समय रोमांच और हैरानी का माहौल बन गया, जब दो हिरण जंगल से भटककर ग्रामीण इलाके में दिखाई पड़े। ग्राम जैतपुर और बैटरी के पास सुबह लगभग 7 बजे ग्रामीणों ने खेतों में दो हिरण को विचरण करते देखा। यह क्षेत्र सामान्यतः वन्यजीवों के लिए जाना जाता है, जिससे स्थानीय लोग आश्चर्यचकित रह गए।
हरियाली अमावस्या के दिन कई ग्रामीण खेत की ओर निकले थे। तभी उन्होंने हिरणों को देखा। यह खबर तेजी से फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। शोरगुल से डरकर दोनों हिरण खेतों में भागने लगे और मल्हार के वार्ड 10 मे नहर किनारे स्थित एक बाड़ी में जाकर छिप गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए डॉयल 112 पर सूचना दी। मल्हार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और हिरणों को सुरक्षित रेस्क्यू शुरू किया। वन विभाग की टीम भी जल्द ही पहुंची और जाल लगाकर लगभग दोपहर 2 बजे के आसपास हिरणों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू अभियान में हिरण को मां डिडनेश्वरी मंदिर के पास और दूसरे को जैतपुर खार से पकड़ार गया। दोनों हिरण को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए सीपत स्थित मंजूरपहरी जंगल वन क्षेत्र ले जाया गया है।







