जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में डकैती के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। प्रकरण में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 331 (5), 305 (ए) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सुदीप कुमार निवासी राहौद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 मार्च की सुबह करीब 8 बजे चार युवक उसके घर में घुस गए। आरोपियो ने घर के भीतर रखे दो एप्पल मोबाईल, एक सेमसंग कीपैड मोबाईल और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी का विरोध करने पर आरोपियों ने सुदीप कुमार और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर पटककर लात घूंसों से हमला किया।
शोर मचाने पर एक आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को मौके पर पकड़ लिया गया था, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए थे। पुलिस ने लगातार तलाश के बाद मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी रवि निर्मलकर उर्फ बिल्लू और श्यामजी सिन्हा उर्फ बुटी, दोनों निवासी अकलतरा। को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर दोनों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव सहित शिवरीनारायण थाना और पुलिस सहायता केंद्र राहौद के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







