Home » जंगल में नाबालिग से की दरिंदगी, दो आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

जंगल में नाबालिग से की दरिंदगी, दो आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम। कबीरधाम के चिल्फी घाटी क्षेत्र में बैगा समाज की एक मासूम बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस अमानवीय कृत्य से बैगा समाज में भारी आक्रोश है। समाज ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।

कवर्धा के मजगांव स्थित बैगा भवन में समाज की एक बैठक हुई। इसमें बैगा समाज प्रमुख इतवारी मछिया, कामू बैगा, शिवकुमार बैगा और मोतीलाल बैगा जैसे प्रमुख लोग शामिल थे। सर्वसम्मति से तय हुआ कि समाज पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ेगा।

पदाधिकारियों ने कहा कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। फांसी से कम सजा स्वीकार नहीं होगी। इसके लिए जल्द ही शासन और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समाज ने जिला अधिवक्ता संघ से मांग की, कोई स्थानीय वकील आरोपियों की पैरवी न करे। ऐसी घटनाएं मानवता को शर्मसार करती हैं, दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए।

बैठक में दुष्कर्म मामले के अलावा समाज की अन्य बुराइयों पर भी चर्चा हुई। समाज के लोगों ने शराबखोरी जैसी कुरीतियों को खत्म करने का संकल्प लिया। बच्चों को बेहतर और उच्च शिक्षा दिलाने पर भी सहमति बनी। बैगा आदिवासियों के शोषण और बंधुआ मजदूरी के खिलाफ आवाज उठाने का निर्णय लिया गया। समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को बचाने के लिए अभियान चलाने की योजना बनी।

बीते 16 मई को पीड़िता परिचित के घर छठी कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। लौटते समय सरोदादादर से रानीदहरा मार्ग के जंगल में दो युवकों ने दुष्कर्म किया। सूचना मिलते ही महिला थाना और चिल्फी थाना की टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय सहायता दी। पुलिस ने बयान, पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Search

Archives