गौरेला पेंड्रा मरवाही। 15 दिन पहले सोशल मीडिया में हुई दोस्ती के बाद युवक ने नाबालिग को बहला फुसलाकर प्रेम जाल में फंसा लिया और अपने दोस्त के साथ मिलकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। नाबालिग के बेहोश होने पर आरोपी भाग गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले का है जहां पर पेंड्रा थाना क्षेत्र के लटकोनी खुर्द गांव का रहने वाला युवक विवेक पोर्ते ने सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग को 15 दिन पहले फ्रेंड बनाया और उसके बाद उसे लगातार मिलने के लिए दबाव बना रहा था।
लगभग 15 दिन पुरानी दोस्ती पर युवक के झांसे में नाबालिग आ गई और आरोपी विवेक पोर्ते के साथ मोटर साइकिल में घूमने के लिए तैयार हो गई। विवेक पोर्ते का दूसरा साथी देवन सिंह आयाम भी मोटरसाइकिल में सवार हो गया और पेण्ड्रा थानाक्षेत्र के पेण्ड्रा मरवाही मुख्य मार्ग पर स्थित कोदवाही गांव में सूने पोल्ट्री फार्म में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
नाबालिग के बेहोश होने पर दोनों आरोपी नाबालिग को छोड़कर फरार हो गए। बच्ची को जब होश आया तब उसने शोर मचाया। आसपास के ग्रामीण वहां पहुचे और पीड़िता को पोल्ट्री फार्म से बाहर निकाला।
मामले की सूचना परिजनों को मिलने पर परिजन पीड़िता को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।







