पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
जांजगीर। राइस मिल से चावल लेकर गायब होने वाले ट्रक को पकड़ने में अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जहां अमानत में खयानत करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन सहित चावल को पुलिस ने जप्त कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रसिक अग्रवाल ने 23 जुलाई को अकलतरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी रसिक बिहारी फूड प्राइवेट लिमिटेड नाम से राईस मिल है। जहां से 1350 बोरी चावल को वापी गुजरात भेजा जाना था। जिसके लिए प्रार्थी ने छत्तीसगढ़ ट्रांसपोर्ट बिलासपुर से 13 जुलाई 25 को संपर्क किया। जहां छत्तीसगढ़ ट्रांसपोर्ट द्वारा प्रार्थी रसिक बिहारी को ट्रक क्रमांक सीजी 04 पीवी 2156 उपलब्ध कराया गया। उक्त वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ड्राइवर का लाइसेंस चेक करने के बाद उक्त वाहन से प्रार्थी ने 14 जुलाई 25 को चावल लोड कर वापी गुजरात के लिए ड्राइवर छोटेलाल के साथ रवाना किया गया था।
दो दिन बाद छत्तीसगढ़ ट्रांसपोर्ट बिलासपुर द्वारा वाहन स्वामी और ड्राइवर से संपर्क किया गया, जो मोबाईल नंबर लगातार बंद आने से ट्रांसपोर्ट द्वारा खोज बिन किया। प्रार्थी ने भी अपने स्तर पर गाड़ी की खोज खबर की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इधर मामले में प्रार्थी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल के साथ संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तब पुलिस को पता चला कि राइस मिलर के चावल को हजम करने का प्लान बनाकर आरोपी चितरंगी जिला सिंगरौली निवासी बृजेश साहू अपने साथियों के साथ मिलकर उक्त 11 लाख बावन हजार कीमती चावल को वापी गुजरात के जगह सीधी ले जाने का प्लान था। जिसे अंजाम देने आरोपी ट्रक सीजी 04 पीएल 2146 जोकि सीधी मध्यप्रदेश निवासी वीरेंद्र साहू के नाम से पंजीकृत था। उसका नंबर बदल और फर्जी दस्तावेज लेकर मिल पहुंचा था। जहां से चावल लेकर वह रफूचक्कर हो गया।
जब पुलिस ने आरोपी बृजेश साहू को गिरफ्तार किया तो उसने बताया कि वह ट्रक को गुजरात वापी न ले जाकर पूर्व प्लानिंग के साथ सीधी जिला लेकर जाना था, परंतु छग-मप्र बार्डर के पास कुकदूर में खराब हो जाने से ट्रक में लोड चावल को दूसरे ट्रांसपोर्टर से बात करके दूसरे ट्रक में सीधी लेकर चले गए। जहां मेड़वाश सीधी निवासी कमलेश गुप्ता के गोदाम में डंप कर दिया गया था। इधर मामले में आरोपी बृजेश साहू के बयान के अनुसार पुलिस ने वीरेंद्र साहू के ट्रक को कवर्धा कुकदूर के पास से जप्त किया गया, साथ ही घटना में रेकी में प्रयुक्त स्कार्पियो एमपी 53 टीए 1533 को भी जप्त किया गया। इसके अलावा आरोपी कमलेश गुप्ता के गोदाम से 600 बोरी चावल जप्त किया गया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर थाना अकलतरा लाकर विधिवत कार्यवाही की जा रही है। उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक भास्कर शर्मा और साइबर टीम जांजगीर तथा थाना अकलतरा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।







