धमतरी। ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करा दिया है। मामले में अर्जुनी थाना पुलिस ने 3 नाबालिग सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बताया जा रहा है कि रायपुर निवासी मृतक आलोक सिंह ठाकुर, नितिन टांडी और सुरेश हियाल अपने दोस्तों के साथ भोयना स्थित अन्नपूर्णा ढाबा पहुँचा। जहाँ पहले से मौजूद मुख्य आरोपी गोपी दिवान अपने सात दोस्तों के साथ बिल पेमेंट को लेकर ढाबा संचालक से विवाद कर रहा था और कुर्सियों को पटक रहा था। जिस पर उन्होंने विवाद नहीं करने के लिए कहा, इससे आरोपी आक्रोशित हो गए।
इस दौरान मुख्य आरोपी गोपी दिवान ने अपने पास रखे चाकू से आलोक सिंह, नितिन और सुरेश के ऊपर ताबड़तोड़ वार कर दिया जिससे तीनो की मौके पर ही मौत हो गई। जबिक मृतक के दो दोस्तों ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद अर्जुनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और आरोपियों को हिरासत में लेकर तीनो के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी गोपी दिवान मथुराडीह और कलेशर नेताम ग्राम कोर्रा, रणवीर साहू इर्रा, कमलेश ध्रुव आमापारा धमतरी और गौतम दिवान मथुराडीह का रहने वाला है। वहीं इस मामले में तीन आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने हत्यारों का जुलूस निकाला और मुंडन कराकर पैदल घुमाया। हत्यारे वीडियो में बोलते नजर आ रहे हैं कि नशा करना पाप है,आज के बाद नशा नही करेंगे और नशा करना बंद करो। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
सुमित नगर और सेजबहर क्षेत्र में शोक की लहर – धमतरी में हुई तीन युवकों की हत्या की घटना से राजधानी के सुमित नगर और सेजबहर क्षेत्रों में शोक की लहर है। मृतकों की पहचान सुरेश हियाल, नितिन टांडी और आलोक ठाकुर के रूप में हुई है। तीनों मौसेरे भाई थे। शवों को रायपुर लाकर मारवाड़ी श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों, परिचितों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।







