जांजगीर चांपा। रात में लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपी को नैला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चंद्रकांत देवांगन अकलतरा का निवासी है। रात्रि करीब 8.30 बजे जांजगीर में स्थित मोबाइल दुकान बंद करके अकलतरा जाने के लिए नैला रेलवे स्टेशन के पास खड़ा था। इसी दौरान वहां दो-तीन लड़के आए और कहां जा रहे हो पूछताछ करने लगे। इनमें से एक लड़का अचानक कोई लोहे के सामान से सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से खून बहने लगा। इसके बाद उसके हाथ से बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में 20 हजार नगदी व कीमती मोबाइल था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध कायम कर मामले को विवेचना में लिया।
विवेचना दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति नैला की तरफ मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए युवक को हिरासत में लिया। घेराबंदी कर पकड़ कर पूछने पर अपना नाम मुकेश सूर्यवंशी, निखिल गुप्ता, विवेक खरे निवासी नैला बताया। मोबाइल रखने के संबंध में पूछताछ करने पर लूट का मोबाइल होना बताया गया।
पुलिस ने इनके पास से नगदी 2500 रूपए, एक लोहे का एयर गन, एक नग चाकू व 10 नग मोबाइल कुल कीमती 2 लाख 10 हजार रूपए बरामद किया। आरोपियों ने लूट की रकम 20 हजार में से 2500 रूपए बचना व शेष रकम को खर्च कर देना बताया। पुलिस ने आरोपी मुकेश सूर्यवंशी 18 वर्ष, निखिल गुप्ता 19 वर्ष व विवेक खरे 19 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा दिया है।







