रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में आज रविवार को सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश भी हुई है। अधिकांश जिलों में अगले चार दिनों तक बारिश के आसार हैं। खासकर उत्तरी इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, जीपीएम, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज हवा के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।







