Home » ज्वेलरी शॉप से लाखों की चोरी … नाइटी और मुखौटे में नजर आए चोर, सक्रिय गिरोह की आशंका
छत्तीसगढ़

ज्वेलरी शॉप से लाखों की चोरी … नाइटी और मुखौटे में नजर आए चोर, सक्रिय गिरोह की आशंका

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के जयरामनगर में रविवार देर रात एक ज्वेलरी दुकान में सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। संजय ज्वेलर्स नामक दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रूपए की चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना तब उजागर हुई जब सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा और इसकी सूचना पुलिस एवं दुकान संचालक संजय सोनी को दी।

पुलिस मौके पर पहुंचकर डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच में जुट गई है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि चोर गैंग के पांच सदस्य घटना में शामिल थे। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि सभी चोर नाइटी पहने हुए थे और उन्होंने अपने चेहरे पर कार्टून के मुखौटे लगा रखे थे। इससे स्पष्ट है कि गिरोह ने पहले से पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया और पहचान छिपाने के लिए अजीब वेशभूषा अपनाई। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर रात करीब 2 बजे के बाद दुकान का शटर तोड़कर भीतर दाखिल हुए और अंदर रखे गहनों की बोरियां में भरकर फरार हो गए।

संचालक के अनुसार हर दिन की तरह कीमती सोने के गहने घर ले जाते थे और दुकान में केवल कुछ चांदी के गहने एवं शो के लिए रखे रकली जेवर ही मौजूद थे। मस्तूरी टीआई हरीश तांडेकर ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि चोर गिरोह केवल चांदी के गहने और शो केस के गहने ले गए हैं। जिसकी कुल कीमत अनुमानित 2 लाख 40 हजार है। बावजूद इसके जिस तरीके से गिरोह ने ने इस वारदात को अंजाम दिया है, वह बेहद चौकाने वाला है। इससे साफ है कि किसी संगठित और चालाक अपराधी गिरोह का हाथ है।

चोरी की इस घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। घटना में अपराधी अत्याधुनिक सुरक्षा उपायों को भी मात देने की योजना के साथ आते हैं। खासकर छोटे शहरों में ऐसे संगठित अपराधों का बढ़ना कानून व्यवस्था के लिए एक गंभीर चेतावनी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग रखी है। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारी चिंतित हैं।

Search

Archives