बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वेयर हाउस रोड स्थित 12 खोली में चंदा मांगने के बहाने घर में घुसी एक महिला ने ड्राइवर की पत्नी पर हमला कर दिया। सिर पर वार होने से महिला बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी महिला ने उसके पहने हुए जेवर उतारे और फरार हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़िता के होश में आने पर उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार सरकारी क्वार्टर में रहने वाले शंकर साहू ड्राइवर है। मंगलवार को वह ड्यूटी पर गए हुए थे। उनकी पत्नी सविता साहू घर पर अकेली थी। शाम करीब चार बजे एक महिला चंदा मांगने के बहाने उनके घर पहुंची। बातचीत के बाद सविता रूपए लेने के लिए घर के अंदर चली गई। इसी दौरान महिला भी उनके पीछे घर के अंदर दाखिल हो गई।
आरोप है कि घर के अंदर पहुंचते ही महिला ने सविता के सिर पर पीछे से किसी वस्तु से वार कर दिया। हमले में सविता गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। उनके बेहोश होते ही महिला ने उनके पहने हुए जेवर उतारे और मौके से फरार हो गई। कुछ देर बाद सविता को होश आया तो उन्हें अपने साथ हुई घटना की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल स्वजन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध महिला
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए वेयर हाउस रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला। फुटेज में एक संदिग्ध महिला दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला की पहचान में जुटी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी महिला तक जल्द पहुंचा जा सकेगा।







