चापा। बिलासपुर-रायगढ़ मेमू लोकल ट्रेन से टकराकर भोजपुर के पास एक बालिका गंभीर रूप से घायल गई, वहीं उसकी छोटी बहन राजा को राखे साइया मार सके न कोय वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए बाल बाल सुरक्षित बच गई।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिलासपुर निवासी अमित श्रीवास्तव इन दिनों सपरिवार नगर के भोजपुर में निवास कर रहे है। रविवार 27 जुलाई को दोपहर 12 बजे उनकी 11 वर्षीय पुत्री रिद्धि श्रीवास्तव अपने 2 वर्षीय छोटी बहन विभा श्रीवास्तव को लेकर भोजपुर से होकर गुजरने वाली रेल लाइन को पार कर रही थी। इस दौरान अचानक सामने से बिलासपुर-रायगढ़ मेमू ट्रेन के आने से वह हड़बड़ा गई, जिसके कारण ट्रेन के इंजन से उसका सिर टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। इसके अलावा उसकी 2 वर्षीय छोटी बहन इस दुर्घटना के बावजूद सुरक्षित बच गई। हादसे के तुरंत बाद बिलासपुर-रायगढ़ ट्रेन के लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए बालिका को ट्रेन में बैठाकर चांपा स्टेशन पहुंचा। यहां जीआरपी पुलिस को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद जीआरपी द्वारा गंभीर रुप से घायल बालिका को उपचार के लिए शासकीय बिसाहूदास महंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल जांजगीर रिफर कर दिया है।







