धमतरी। नगरी ब्लॉक के दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम आमदी से रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक शराबी पिता ने अपने ही तीन साल के मासूम बेटे को मौत के घाट उतार दिया है। दिल दहला देने वाली घटना से पूरा परिवार सदमे में हैं। वहीं पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 18 मई रात्रि की है, जो 19 मई को सुबह लोगों को जानकारी हुई। मिली जानकारी के मुताबिक पिता संजय मरकाम ने नशे की हालत में अपने 3 वर्ष के मासूम बेटा शौर्य पर टंगिया से हमला कर दिया। बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने नरहरपुर के सरकारी अस्पताल भर्ती कराया था, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता संजय मरकाम जो आदतन शराबी है। शराब के नशे में धुत होकर अक्सर घर में लड़ाई झगड़ा करता था घटना के दिन भी शराब के नशे में था और घर वालो से शराब पीने के लिए पैसा मांग रहा था। रुपया नहीं मिलने पर घर वालों के साथ झगड़ा करने लगा। इस दरमियान घर वाले लड़ाई नहीं करने की समझाइश देते रहे, तभी आरोपी ने अचानक तैश में आकर अपने ही मासूम बेटे पर धारदार टंगिया से वार कर दिया, बेटे को लहूलुहान करने के बाद मौके से फरार हो गया। परिजन घायल बच्चे को गंभीर अवस्था में नरहरपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस पिता को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।







