कोटा। थाना क्षेत्र अंतर्गत पटैत मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुर्गा प्रसाद मरमावी, निवासी ग्राम दवनपुर के रूप में हुई है। वह अपने ससुराल ग्राम नेवसा में रह रहा था। बुधवार सुबह वह बाइक सीजी 10 एवाई 9044 से गोबरीपाठ के लिए निकला था। करीब 11 बजे ग्राम पटैत के ग्रामीणों ने जानकारी दी कि एक व्यक्ति सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही मृतक के ससुर मेलाराम नेताम एवं गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। दुर्गा प्रसाद लहूलुहान अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ था। उसके सिर पर गंभीर चोट थी। पास ही बाइक क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। ग्रामीणों ने बताया कि सेंट जेवियर्स स्कूल कोटा की बस सीजी 13 क्यू 0626 से घटना हुई है। चालक बस को तेज व लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। घटनास्थल पर बस के पीले रंग का टूटा हुआ पेंट का टुकड़ा भी बरामद हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक ने सामने से टक्कर मारी, जिससे दुर्गा प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। बस चालक के विरूद्ध धारा 106 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।







