पहले की रेकी फिर घर में घुसे, 24 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में हुई लाखों के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया शत प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदरलाल मैत्री 11 अगस्त की सुबह करीब 5.10 बजे अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर गए थे। करीब 6 बजे वापस लौटने पर घर के सामने का ताला टूटा मिला, जबकि पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदर जाकर देखने पर आलमारी के लॉकर में रखे सोने चांदी के जेवरात गायब मिले। शिकायत पर सीपत थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच के दौरान खम्हरिया निवासी आदित्य कुमार लहरे 22 वर्ष और जावेद अली 25 को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पीड़ित का मकान उनके घर से आसपास होने के कारण वे उसके आने जाने और गतिविधियों से परिचित थे। दोनों ने मार्निंग वॉक के समय रेकी की थी। दंपती जैसे ही मार्निंग वॉक के लिए निकले, दोनों आरोपी पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुए और ताला तोड़कर आलमारी में रखे जेवरात चोरी कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखे गए चोरी के जेवरात बरामद कर लिए। जिसमें 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर शामिल हैं। इसके अलावा ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे के रॉड भी जप्त की गई है। पुलिस अधीक्षक ने शत प्रतिशत मशरूका बरामद करने पर पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।







