बिलासपुर। सेंट्रल जेल बिलासपुर में बंद 22 वर्षीय युवक कन्हैया सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मस्तूरी निवासी कन्हैया करीब दो माह पूर्व मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। परिजनों ने इसके लिए जेल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि दो दिन पहले ही वे कन्हैया से मिलने गए थे, तब वह स्वस्थ था।
जेल प्रशासन के अनुसार, कन्हैया को सोमवार रात सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई थी, जिसके बाद तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मृत्यु हो गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







