Home » सोशल मीडिया में भड़काऊ कंटेट डालने पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी
छत्तीसगढ़

सोशल मीडिया में भड़काऊ कंटेट डालने पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी

0 बिरनपुर की घटना के बाद पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश, जवानों को दी गई समझाईश

भिलाई। बेमेतरा जिले में बिरनपुर की हिंसक घटना के बाद यहां धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ ही राज्य के अन्य पड़ोसी जिलों में भी अलर्ट घोषित किया गया है।
दुर्ग एसपी डॉ.अभिषेक पल्लव देर रात 2 बजे नाइट गश्त पर निकले । उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। गश्त के दौरान सबसे पहले उन्होंने गाड़ियों में पूरे शहर का मार्च किया, गलियों से गुजरे। इस दौरान उन्हें कोई भी शख्स घर के बाहर घूमते हुए नहीं मिला। एसपी उन चौक चौराहों पर पहुंचे जहां पर उन्होंने पुलिस की सुरक्षा ड्यूटी लगाई थी। इस दौरान सभी जवान तैनात नजर आए। एसपी ने जवानों से कहा कि देर रात कोई भी बिना कारण घूमते दिखाई देता है तो उनकी वाहन की जांच करें, पूछताछ करें। सही जवाब नहीं मिलने व संदिग्ध नजर आने पर उसके खिलाफ कार्रवाई करें।
0 दुष्प्रचार पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने कहा कि बिरनपुर गांव में हुई हिंसक घटना के बाद कुछ अराजक तत्व लगातार सोशल मीडिया में अफवाह फैला रहे हैं। उनके द्वारा भड़काऊ कंटेट डालकर लोगों को आक्रोशित करने का काम किया जा रहा है। जिला पुलिस प्रशासन ने लोगों से कोई भड़काऊ और भ्रमित करने वाले कंटेट सोशल मीडिया में नहीं डालने की अपील की है। ऐसा करते पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

Search