नौकरी गई तो लिया बदला, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे पैसे
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र से साइबर ब्लैकमेलिंग और निजी वीडियो वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि नौकरी से निकाले जाने से नाराज कर्मचारियों ने कारोबारी के परिवार के एक सदस्य से जुड़े निजी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नौकरी से निकाले जाने के बाद रची साजिश
पुलिस के मुताबिक पीड़ित कारोबारी ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। उसके यहां पीतांबर सिंह और अजय चौधरी काम करते थे। कारोबारी को दोनों के हिसाब-किताब में गड़बड़ी का पता चला, जिसके बाद उन्हें नौकरी से हटा दिया गया। आरोप है कि नौकरी जाने से नाराज आरोपियों ने कारोबारी के परिवार से बदला लेने के लिए पहले से मौजूद एक निजी वीडियो का इस्तेमाल किया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे पैसे
आरोपियों ने निजी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर परिवार को कथित तौर पर ब्लैकमेल किया और पैसे की मांग की। शिकायत के मुताबिक 9 जुलाई की रात करीब 10 बजे आरोपियों में से कुछ लोग पीड़ित के भाई के पास पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके बाद निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि वीडियो आरोपियों ने काफी पहले कारोबारी के यहां काम करने के दौरान बनाया था।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद मस्तूरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय चौधरी (23), नरेश पटेल (24) और पीतांबर सिंह (38) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी खपरी लिमतरा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 77, 79, 296, 351(3), IT Act की धारा 66E, 67, 67B और SC-ST Act के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति का निजी या आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर या फॉरवर्ड न करें। ऐसा करना भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।







