Home » दिनदहाड़े लूट और उठाईगिरी गिरोह बेनकाब… 7 वारदात, 9.83 लाख की लूट को दिया अंजाम
छत्तीसगढ़

दिनदहाड़े लूट और उठाईगिरी गिरोह बेनकाब… 7 वारदात, 9.83 लाख की लूट को दिया अंजाम

बिहार के दो आरोपी जांजगीर पुलिस के हत्थे चढ़े

जांजगीर-चांपा। जिले में दिनदहाड़े हुई 2.5 लाख रूपए की सनसनीखेज लूट का खुलासा करते हुए जांजगीर -चांपा पुलिस ने अंतर्राज्यीय लूट व उठाईगिरी गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने बिहार के कटिहार निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के मुख्य साजिशकर्ता समेत दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक यह गिरोह छत्तीसगढ़ के रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर, सारंगढ़ और जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में कुल 7 वारदातों को अंजाम दे चुका था। आरोपियों ने अलग-अलग घटनाओं में करीब 9 लाख 83 हजार रूपए की लूट की थी। जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक के अंदर घुसकर ज्यादा रकम निकालने आए बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी करते थे। इसके बाद उनका पीछा कर सुनसान जगह पर मौका देखकर रकम लूट लेते थे। कई मामलों में वे पीड़ित को गुमराह करने के लिए केंवाच पाउडर (खुजली वाला) का इस्तेमाल करते थे, जिससे अफरा तफरी में आसानी से फरार हो जाते थे।

मामले की गंभीरता को देखत्रे हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने साइबर टीम को विशेष निर्देश दिए। टीम ने घटना से लेकर संभावित भागने के रास्तों तक 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपियों का सुराग बिलासपुर तक मिला। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी पुराना बस स्टैंड के पास एक लॉज में ठहरे हुए थे। टीम ने ग्राहक बनकर लॉज में दबिश दी और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने 13 फरवरी को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पामगढ़ से रकम निकालकर लौट रहे व्यक्ति से 2.5 लाख रूपए लूटने की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की बाइक, चार फर्जी आधार कार्ड, तीन की पैड मोबाईल फोन, केवाच पावडर और 10,500 रूपए नकद जप्त किए हैं। दोनों बाइक बिहार से चोरी कर उन पर फर्जी छत्तीसगढ़ नंबर प्लेट लगाई गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने अंबिकापुर, रायगढ़, सारंगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में हुई लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। इन वारदातों में अलग-अलग तारीखों पर 60 हजार से लेकर 3 लाख रूपए तक की लूट की गई थी।

पुलिस की जनता से अपील

जांजगीर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालते समय सावधानी बरतें, अजनबियों से दूरी रखें, संभव हो तो ऑनलाइन ट्रांसफर का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Search

Archives