बलरामपुर। जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना/चौकी प्रभारी अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित अपराधों, मर्ग, गुमशुदगी, साइबर क्राइम, NDPS, चिटफंड, POCSO, यातायात, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और कम्युनिटी पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण मामलों की गहन समीक्षा की गई।
एसपी बैंकर ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। यदि समय-सीमा में प्रकरण का निपटारा नहीं होता है, तो संबंधित विवेचक के खिलाफ प्राथमिक जांच के निर्देश दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों की खोज पर विशेष ध्यान देने, NDPS मामलों में प्रभावी कार्रवाई और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन करने के निर्देश भी दिए गए।
साइबर अपराधों में बढ़ोतरी पर चिंता व्यक्त करते हुए एसपी ने जनता को म्यूल अकाउंट, ओटीपी फ्रॉड, फेक एप्प जैसे नए तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी। महिलाओं से संबंधित अपराधों और POCSO अधिनियम के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई पर भी विशेष जोर दिया गया। यातायात नियमों के पालन को लेकर एसपी ने “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” के कड़ाई से पालन के साथ शराब पीकर वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी और ओवरस्पीडिंग जैसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अवैध प्रवासियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया।
बैठक के अंत में एसपी बैंकर ने कहा कि हमारा उद्देश्य जिले को अपराधमुक्त बनाना है। इसके लिए टीम भावना, अनुशासन और ईमानदारी से काम करना होगा। जनता का विश्वास जीतना हमारी प्राथमिकता है। इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी, एसडीओपी रक्षित निरीक्षक सहित जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।