Home » होली मनाने परिवार सहित बाहर गया था रियल एस्टेट कारोबारी… सूने मकान में चोरों ने बोला धावा
छत्तीसगढ़

होली मनाने परिवार सहित बाहर गया था रियल एस्टेट कारोबारी… सूने मकान में चोरों ने बोला धावा

2 लाख से अधिक के जेवर और नगदी पार

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के ईमलीभाठा स्थित एक सूने मकान में चोरों ने धावा बोल दिया। यहां से लाखों के जेवर, इलेक्ट्रिॉनिक सामान और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित रियल एस्टेट कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार ईमलीभाठा एकता समिति शिव मंदिर के सामने रहने वाले सरोज कुमार साहू रियल एस्टेट का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 2 मार्च की शाम करीब 6.30 बजे वे होली का त्योहार मनाने अपने परिवार के साथ गृहग्राम लखनपुर कोरबा चले गए थे। घर को ताला लगाकर जाने के बाद 6 मार्च की रात करीब 8 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य गेट खोलकर अंदर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने देखा कि सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदर प्रवेश करने पर तीनों कमरों के दरवाजे खुले मिले और पूरा सामान बिखरा हुआ था। पूजा कक्ष में रखी आलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। जब आलमारी की जांच की तो उसमें रखे सोने चांदी के जेवर, टीवी और नगदी गायब मिले।

चोरी हुए सामान में करीब 15 ग्राम का सोने का हार, 10 ग्राम का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, बच्चे का सोने का लॉकेट, चांदी की पायल, 24 इंच की वीडियोकॉन कंपनी की एलईडी टीवी, बच्चे की स्मार्ट वॉच, एक घड़ी और 22 हजार रूपए नगद शामिल है। कुल मिलाकर करीब 2 लाख 5 हजार रूपए का सामान चोरी हो गया। घटना की जानकारी उन्होंने रिश्तेदारों को दी, वहीं पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण इलाज में व्यस्त रहने से तत्काल रिपोर्ट दर्ज नही करा पाए। बाद में सरकंडा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 ए और 331-4 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Search

Archives