Home » बिलासपुर, सरगुजा, सूरजपुर सहित 20 से ज्यादा जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट
छत्तीसगढ़

बिलासपुर, सरगुजा, सूरजपुर सहित 20 से ज्यादा जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट

रायपुर।  भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले पांच दिनों तक तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं कई जिलों के लिए बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण मध्य प्रदेश, उड़ीसा और बिहार के आसपास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका सिस्टम के कारण प्रदेश में मौसम प्रभावित हो रहा है। इन सिस्टम्स के असर से कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और अंधड़ की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बलौदाबाजार, बिलासपुर, जशपुर, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत 20 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा। केवल राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को चरमा में 3 सेंटीमीटर और गरियाबंद में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

Search

Archives