रायपुर। प्रदेश में यूट्यूब में लाइक और शेयर करना कुछ लोगों को महंगा पड़ गया। अब लाइक शेयर करने के नाम पर ठगी हो रही है। देशभर में अब तक करीब 100 करोड़ से ज्यादा की ठगी हो चुकी है, वहीं रायपुर में पिछले दो महीने में लोग 1 करोड़ रुपये गवां चुके हैं। राजधानी पुलिस ने आरोपियों का पता लगा लिया है। ठगी के ये चार आरोपी राजस्थान पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। अब रायपुर पुलिस इन जालसाजों को ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाने के लिए राजस्थान रवाना हो गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक खमतराई, कुरकुरा निवासी रंजन मिश्रा सहित अन्य 3 लोगों को यूट्यूब पर लाइक और शेयर करने के नाम पर ठगने के आरोप में राजस्थान पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अब छत्तीसगढ़ में और किन-किन लोगों से ठगी की गई है, इसका पता लगाने के लिए रायपुर पुलिस इन जालसाजों को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लेकर आ रही है।







