जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में हुए डबल मर्डर केस में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से पुलिस जांच में जुटी है। दम्पति के पहचान के ही लोगों द्वारा वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
ग्राम खपरी में घर में सो रहे बुजुर्ग दम्पति की मंगलवार की रात हत्या कर दी गई। अपराधियों ने संतराम साहू (65 वर्ष) और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू (61 वर्ष) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। बुधवार 1 अप्रैल की सुबह जब बड़ा बेटा किसी काम से घर पहुंचा तो अंदर एक ही कमरे में संतराम साहू और श्याम बाई की रक्त रंजीत लाश मिली। घर में दोनों बुजुर्ग ही रहते थे। उनके दो बेटे हैं जो अपने अपने परिवार के साथ गांव में ही अलग अलग घरों में निवास करते हैं। घटना की सूचना पर मुलमुला पुलिस के साथ ही एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय भी घटनास्थल पहुंचे थे। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसी टीवी खंगाले गए हैं। साथ ही संदिगधों से पूछताछ भी जारी है। घटना स्थल पर मिले होली के मुखौटे और नकली बाल के साथ ही खून से सने नंगे पांव के निशान ने पुलिस को अहम सुराग दिए हैं। दम्पति के पहचान के ही लोगों द्वारा वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। साथ ही जल्द ही आरोपियों को पकडऩे का दावा भी किया जा रहा है।
पहचान छुपाने के लिए लगाया मुखौटा और बाल
घटना को लेकर गांव में कई तरह की चर्चा चल रही है। घटना स्थल पर मिले होली के मुखौटे और नकली बाल से यह शंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहचान छुपाने के मकसद से इसका उपयोग किया। कुछ दिन पहले ही संतराम के पोते की शादी हुई थी। इस दौरान संतराम के घर में बहुत से लोगों का आना जाना हुआ। संतराम अपने घर में ही किराना दुकान भी चलाता था। उसकी पत्नी के गले से सोने का हार गायब होने की बात परिजनों ने पुलिस को बताई। ऐसे में चोरी की नियत से आरोपियों के घर में दाखिल होने की संभावना जताई जा रही है। संभावना है कि आरोपियों के घर में घुसने पर संतराम और उसकी पत्नी श्याम बाई जाग गए होंगे। छिना झपटी में मुखौटा और नकली बाल निकल गया होगा, जिसके कारण दम्पत्ति की हत्या कर दी गई और आनन फानन में आरोपी भाग निकले।







