रायगढ़। पीएम नरेंद्र मोदी रायगढ़ के कोडातराई में आज पहुंचे जहां उन्होंने एक जन सभा को संबोधित किया।बीजेपी की विजय शंखनाद रैली में पीएम नरेंद्र मोदी शामिल हुए। पीएम के आगमन को लेकर रायगढ़वासियों में विशेष उत्साह नजर आया। बारिश के बावजूद भी उसे सुनने टस से मस नहीं हुए। इससे पहले मोदी ने 6350 करोड़ की रेल परियोजनाएं देश को समर्पित की। साथ ही प्रदेश के 9 जिलों में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लाॅक का भी शिलान्यास किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ मेरे लिए पावर हाऊस है। प्रदेश के विकास के लिए हमने निरंतर काम किया है और आने वाले समय में देश में प्रोजेक्ट की संख्या बढ़ेगी। इसका भी लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्य के लिए जरूर होगा। पर्यावरण को लेकर पीएम ने चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि कोल माइंस को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही खदानों से निकले पानी से खेतों की सिंचाई की व्यवस्था की जा रही है। हम जंगल-जमीन की रक्षा भी करेंगे और इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास भी करेंगे।
0 रेल परियोजनाओं की सौगात
पीएम ने 6350 करोड़ रूपए की महत्वपूर्ण रेल क्षेत्र की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इसमें पेण्ड्रा रोड से अनूपपुर के बीच तीसरी रेल लाइन 50 किमी लंबी है। इसका निर्माण लगभग 516 करोड़ रूपए की लागत से किया गया है। साथ ही चांपा और जामगा रेलखंड के बीच 98 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन का निर्माण करीब 796 करोड़ रूपए की लागत से किया गया है।
तलाईपल्ली कोयला खदान को एनटीपीसी लारा सुपर थर्मल पावर स्टेशन (एसटीपीएस) से जोड़ने वाली एमजीआर (मेरी-गो-राउंड) प्रणाली भी शामिल है। 2070 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित एमजीआर प्रणाली, कोयला खदानों से बिजली स्टेशनों तक कोयला परिवहन में सुधार के लिए बनाई गई है। पीएम ने प्रदेश के नौ जिलांे में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लाॅक का भी शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत कुल 210 करोड़ रुपये की लागत से दुर्ग, कोंडागांव, राजनांदगांव, गरियाबंद, जशपुर, सूरजपुर, सरगुजा, बस्तर और रायगढ़ जिलों में 9 क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा।







