Home » 15 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार… जमीन बंटवारे और ऋण पुस्तिका बनाने मांगे थे 25 हजार
छत्तीसगढ़

15 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार… जमीन बंटवारे और ऋण पुस्तिका बनाने मांगे थे 25 हजार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने पटवारी को 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी जमीन के बंटवारे और ऋण पुस्तिका बनाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोड़ निवासी नरोत्तम साहू ने एसीबी रायपुर से शिकायत की थी कि ग्राम बोड़, तहसील साजा में पदस्थ पटवारी ओमकार सोनवानी उनकी जमीन का बंटवारा और खाता विभाजन करने के एवज में 25 हजार रुपए मांग रहा है। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से संपर्क किया।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले पूरे मामले का जांच करवाई। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि पटवारी वाकई रिश्वत मांग रहा है। इसी दौरान बातचीत में रकम को लेकर मोलभाव हुआ और आरोपी 25 हजार की जगह 15 हजार रुपए लेने पर तैयार हो गया।

ट्रैप कर एसीबी ने किया गिरफ्तार

तैयारी के बाद एसीबी ने ट्रैप तैयार किया और शिकायतकर्ता को कैमिकल लगे नोट दिए गए और टीम को आसपास तैनात कर दिया गया। शिकायतकर्ता पटवारी के पास पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर रंगे हाथ पकड़ा। पटवारी रिश्वत के 15 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं।

Search