बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत पावर प्लांट में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यूनिट – 5 में चल रहे मेंटेनेंस कार्य के दौरान एक भारी प्लेटफार्म अचानक गिर जाने से कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि 5 से अधिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ऊंचाई पर लोहे की एंगल से भाड़ा बांधकर काम कर रहे थे। तभी भारी प्लेटफार्म अचानक नीचे गिर पड़ा और नीचे काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे के समय 10 से 15 मजदूर मौके पर मौजूद थे। जिनमें से कई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एनटीपीसी की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दबे हुए मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। घायलों को आनन फानन में स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
एनटीपीसी प्रबंधन ने केवल एक मजदूर श्याम साहू निवासी ग्राम पोड़ी की मौत होने की अधिकारिक पुष्टि की है। हादसे के बाद कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन सहित ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। साथ ही चक्काजाम शुरू कर दिया। तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की वजह से हादसा हुआ है।
घटना के बाद एनटीपीसी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि अभी हादसे के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है। मामले की जांच जारी है। अब देखना है कि क्या दोषियों पर सख्त कार्रवाई होती है या नहीं। ग्रामीणों को आक्रोश और परिजनों को दुख इस हादसे की गंभीरता को दर्शाता है।







