कबीरधाम । सोमवार की सुबह सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, वहीं एक घायल हो गया। हादसा कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र अंतर्गत चिल्फी-जबलपुर नेशनल हाईवे पर हुआ है।
थाना से मिली जानकारी अनुसार सुबह करीब 6 बजे दो ट्रक आपस में आमने सामने भिड़ गए। ग्वालियर से रायपुर की ओर आ रहे ट्रक जिसमें शिमला मिर्च भरा हुआ था और रायपुर से जबलपुर की ओर जा रहे ट्रक जिसमें टावर का समान था। दोनों ट्रक आपस में भिड़ गए। घटना की जानकारी आसपास से गुजरने वाले लोगों ने पुलिस को दी। यह हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रक के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जेसीबी के माध्यम से आपस में भिड़े ट्रकों को अलग किया गया। इसके बाद घायल को बोड़ला के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर है। वहीं हादसे में मृतक वाहन चालक के शव को बोड़ला में रखा गया है। फिलहाल घायल व मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इस मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।







