बिलासपुर। ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला तारबाहर थाना क्षेत्र में सामने आया है। साइबर अपराधियों ने एक प्राईवेट नौकरीपेशा व्यक्ति के खाते से लाखों रूपए पार कर दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी राकेश कुमार सूर्यवंशी पिता भगवान दास सूर्यवंशी 38 वर्ष मूल निवासी ग्राम पण्ड्रीपारा पोस्ट आफिस घुटकू जिला बिलासपुर वर्तमान में विनोबा नगर एल 09 तारबाहर में किराये के मकान में रहकर निजी नौकरी करते हैं। राकेश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 सितंबर को सुबह करीब 6 बजे उठने पर उन्होंने अपने मोबाईल फोन की जांच की तो देखा कि उनके नंबर पर ओटीपी प्राप्त हुआ है।
संदेह होने पर जब उन्होंने अपने एचडीएफसी बैंक शाखा व्यापार विहार स्थित खाता क्रमांक 5020 को चेक किया तो यह देख दंग रह गए कि उनके खाते से 2,35, 338, 26 की भारी भरकम राशि निकाल ली गई है और खाते में केवल 1423.97 शेष रह गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तुरंत बैंक को इसकी सूचना दी। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल तारबाहर म्रे शिकायत दर्ज कराई, साइबर सेल की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने मोबाईल हैक कर ओटीपी के माध्यम से खाते की राशि आहरित की है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
0 यह घटना एक बार फिर लोगों के लिए चेतावनी है कि वे अपने बैंकिंग लेनदेन, मोबाईल और ओटीपी को लेकर सजग और सतर्क रहे, क्योंकि साइबर अपराधी हर दिन नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।







