बिलासपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में शनिवार देर रात एक रेत गिट्टी व्यवसायी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है।
प्रार्थी रितेश कौशिक निवासी कुदुदंड गली नंबर 5 बिलासपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने मित्र राहुल राजपूत के साथ कार से घर लौट रहा था। रात करीब 12.30 बजे वह मंगला पेट्रोल पंप के पास रूका और पानी लेने उतरा, तभी वहां मौजूद एक अज्ञात युवक गाली गलौज करने लगा। व्यवसायी ने जब विरोध किया तो युवक ने उसका कॉलर पकड़कर झूमाझटकी की। रितेश ने खुद को छुड़ाया तो उस युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। फिर सभी ने मिलकर व्यवसायी के साथ हाथ मुक्का से मारपीट की। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने धारदार वस्तु से वार किया। जिससे रितेश के सीने और बाएं हाथ के बीच की उंगली में चोट आई है। मारपीट के दौरान आरोपियों से उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले में एक अज्ञात युवक और उसके साथियों के विरूद्ध धारा 115, 296, 351 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।







