Home » भिलाई के आत्मानंद स्कूल में रहस्यमयी घटनाएं! 3 दिन में 8 छात्राएं हुईं बेहोश, मेडिकल रिपोर्ट सामान्य
छत्तीसगढ़

भिलाई के आत्मानंद स्कूल में रहस्यमयी घटनाएं! 3 दिन में 8 छात्राएं हुईं बेहोश, मेडिकल रिपोर्ट सामान्य

काउंसलिंग के लिए विशेषज्ञ टीम बुलाई गई

भिलाई। दुर्ग जिले के खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृश्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पिछले तीन दिनों के दौरान कक्षा 9वीं-ए की आठ छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। छात्राओं में चीखने-चिल्लाने, हाथ-पैर अकड़ने, बेहोश होने और बोलने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई दिए। सभी छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ समय बाद उनकी हालत सामान्य हो गई।

डॉक्टरों की जांच में किसी गंभीर शारीरिक बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है और छात्राओं की काउंसलिंग के लिए मनोवैज्ञानिक विषेशज्ञों की टीम को बुलाया गया है।

पहले दिन 5 छात्राएं हुईं प्रभावित

स्कूल की प्राचार्य सुनीता दीवान के अनुसार, पहली घटना 9 जुलाई को हुई, जब एक छात्रा को अचानक चक्कर आया। कुछ ही देर में दूसरी छात्रा जोर-जोर से चीखने लगी और इसके बाद तीन अन्य छात्राएं भी बेहोश हो गईं। सभी को तत्काल शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां करीब डेढ़ घंटे बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई।

अगले दो दिन भी दोहराई गई घटनाएं

11 जुलाई को दो और छात्राओं की तबीयत इसी तरह बिगड़ी। एक को अस्पताल ले जाया गया, जबकि दूसरी छात्रा स्कूल में ही सामान्य हो गई। बाद में एक अन्य छात्रा को भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाना पड़ा, जहां इलाज के बाद वह भी स्वस्थ हो गई।

सिर्फ एक ही कक्षा की छात्राएं प्रभावित

स्कूल प्रबंधन के मुताबिक अब तक यह घटनाएं केवल डे-शिफ्ट की कक्षा 9वीं-ए की छात्राओं में ही सामने आई हैं। सुबह की शिफ्ट के विद्यार्थियों या शिक्षकों में इस तरह की कोई समस्या नहीं देखी गई।

मनोवैज्ञानिक पहलू की जांच

प्राचार्य ने बताया कि सभी छात्राओं की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई है। शुरुआती तौर पर मामला मनोवैज्ञानिक कारणों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी अंतिम निष्कर्श पर नहीं पहुंचा गया है। एहतियात के तौर पर संबंधित कक्षा का कमरा बदल दिया गया है और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा बच्चों का मनोबल बनाए रखने की अपील की गई है। फिलहाल किसी बीमारी या अन्य कारण की आधिकारिक पुश्टि नहीं हुई है। जांच और विशेषज्ञों की काउंसलिंग के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Search

Archives