Home » मामा ने भांजे पर किया चाकू से ताबड़तोड़ हमला … मासूम ने मरने का नाटक कर बचाई अपनी जान
छत्तीसगढ़

मामा ने भांजे पर किया चाकू से ताबड़तोड़ हमला … मासूम ने मरने का नाटक कर बचाई अपनी जान

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा में रिश्तों को शर्मसार और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही 13 वर्षीय भांजे सूर्याश बरगाह पिता महेश बरगाह निवासी पहरीपारा लिमतरा को चॉकलेट और बिस्किट खिलाने के बहाने सुनसान इलाके में ले गया और जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मामा अपने भांजे को बाइक सीजी 10 बीबी 0506 में बैठाकर गांव से करीब 4 किमी दूर गतौरा रेलवे बटाही पुल के पास ले गया। वहां उसने पहले मासूम को बिस्किट खाने को दिया और अचानक पीछे से उसका मुंह दबाकर गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने दोनों कलाइयां, उंगलियों, पीठ और कमर पर कई बार वार किए। हमला इतना खतरनाक था कि सूर्याश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमले के बाद सूर्यांश ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मरने का नाटक किया। आरोपी उसे मरा समझकर झाड़ियों में फेंककर वहां से फरार हो गया। बच्चे ने घटना की जानकारी होश में आने पर मौके पर पहुंचे युवकों को दी। सूर्यांश ने बताया कि मामा उसे बिस्किट और चॉकलेट खिलाने ले गए थे और अचानक हमला कर दिया।

बचाओ बचाओ की आवाज देकर किया मरने का नाटक

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे लोग रेलवे ट्रैक की ओर जा रहे थे, तभी बचाओ बचाओ की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे तो देखा बच्चा खून से लथपथ पड़ा हुआ था और एक व्यक्ति बैग लेकर भाग रहा था। उन्होंने उसका पीछा भी किया, लेकिन फरार हो गया। इसके बाद तत्काल डॉयल 112 को सूचना दी गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश टांडेकर ने बताया कि बच्चे का इलाज सिम्स बिलासपुर में जारी है और फिलहाल हालत सामान्य बताई जा रही है। मौके से आरोपी की बाइक जप्त कर ली गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा को झकझोर दिया है। मासूम की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से उसकी जान बच गई। वरना बड़ी घटना हो सकती थी। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के असल कारण का पता लगाने में जुटी हुई है।

Search

Archives