बलौदाबाजार। पलारी ब्लॉक के लच्छनपुर गांव के सरकारी स्कूल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में यहां मिड-डे मील (मध्याह्न भोजन) के तहत बच्चों को कथित रूप से कुत्ते का जूठा खाना परोस दिया गया। जिसके खाने के बाद 78 बच्चों को एंटी-रेबीज का टीका लगवाना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक यह घटना 29 जुलाई की है। मिड-डे मील खुला रखा हुआ था, तभी आवारा कुत्ता पकी हुई सब्जी को जूठा कर गया। इस बारे में कुछ छात्रों ने शिक्षकों को बताया। जिसके बाद शिक्षकों ने खाना बनाने वाली स्व सहायता समूह की महिलाओं से खाने को छात्रों को देने से मना किया, लेकिन स्व सहायता समूह की महिलाओं ने इस बात को नहीं मानते हुए कुत्ते द्वारा जूठा किया हुआ भोजन छात्रों को परोस दिया। कम से कम 84 छात्रों ने भोजन किया।







